भारत के घरेलू टी-20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का नया सीजन आज से शुरू हो गया। शनिवार को 19 मैच हो रहे हैं। वैभव सूर्यवंशी ने टी-20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे युवा कप्तान होने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है।
Indore News: भारत के घरेलू टी-20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के नए सीजन का शनिवार से आगाज हो गया। पहले दिन 19 मुकाबले खेले जा रहे हैं। टूर्नामेंट के पहले ही दिन बिहार के कप्तान वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रच दिया। 15 साल 232 दिन की उम्र में कप्तानी करते हुए वे टी-20 क्रिकेट इतिहास के सबसे युवा कप्तान बन गए। वहीं, भारतीय टीम से बाहर चल रहे पूर्व टी-20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी अपने बल्ले से धमाल मचाया। उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ महज 15 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और नाबाद 60 रन की पारी खेली।
इंदौर के होलकर स्टेडियम में बिहार और सौराष्ट्र के बीच मुकाबला खेला गया। इस मैच में वैभव सूर्यवंशी 15 साल 232 दिन की उम्र में बिहार की कप्तानी करने उतरे। इसके साथ ही उन्होंने टी-20 क्रिकेट में सबसे युवा कप्तान बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।इससे पहले यह रिकॉर्ड क्रोएशिया के जैक वुकुसिक के नाम था। उन्होंने 7 अगस्त 2025 को साइप्रस के खिलाफ 17 साल 311 दिन की उम्र में कप्तानी की थी। हालांकि, रिकॉर्ड बनाने के बावजूद वैभव की टीम को जीत नहीं मिली। बिहार ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 137 रन बनाए। वैभव ने 12 गेंदों में 18 रन बनाए। जवाब में सौराष्ट्र ने 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और बिहार को 5 विकेट से हरा दिया।
कोलकाता में मुंबई और हैदराबाद के बीच मुकाबले में सूर्यकुमार यादव ने तूफानी बल्लेबाजी की। उन्होंने 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 21 गेंदों पर नाबाद 60 रन बनाए। उनकी पारी की बदौलत मुंबई ने 173 रन का लक्ष्य 13.1 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। मुंबई ने यह मुकाबला 7 विकेट से जीता।
इंदौर के डेली कॉलेज मैदान पर पंजाब और हरियाणा के बीच मुकाबला खेला गया। हरियाणा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 190 रन बनाए। जवाब में पंजाब ने 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और 4 विकेट से जीत दर्ज की। वहीं, चंडीगढ़ ने बड़ौदा को 3 विकेट से हराया। बड़ौदा ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 148 रन बनाए। कप्तान क्रुणाल पंड्या 40 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि शिवालिक शर्मा ने 45 रन बनाए।
पुडुचेरी ने महाराष्ट्र को 15 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पुडुचेरी ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 204 रन बनाए। भानु आनंद और परमीश्वरन शिवरामन ने 46-46 रन बनाए, जबकि पुगाझेंडी आकाश ने 14 गेंदों में 42 रन की तेज पारी खेली। दूसरी ओर, गुजरात ने ओडिशा को 21 रन से हराया। गुजरात ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 250 रन बनाए। खिलन पटेल ने 29 गेंदों पर 84 और कप्तान उर्विल पटेल ने 30 गेंदों पर 62 रन बनाए। जवाब में ओडिशा की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 229 रन ही बना सकी। सुब्रांशु सेनापति ने 47 गेंदों पर 89 रन बनाए, जबकि गुजरात के अर्जन नागवासवाला ने 4 विकेट लिए।
ग्रुप-D के एक अन्य मुकाबले में विदर्भ ने गोवा को 7 विकेट से हरा दिया। गोवा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 146 रन बनाए। जवाब में विदर्भ ने 17.3 ओवर में 3 विकेट पर 150 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
हर बड़ी ख़बर, ब्रेकिंग न्यूज़ और लेटेस्ट अपडेट्स सीधे अपने फेसबुक फीड पर पाएं।
Follow Page