IIT दिल्ली ने JEE Advanced 2027 की एग्जाम डेट जारी कर दी है। परीक्षा 23 मई 2027 (रविवार) को आयोजित होगी। IIT दिल्ली इस बार परीक्षा का आयोजन करेगा।
Education Desk: IIT दिल्ली ने JEE Advanced 2027 की परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। परीक्षा 23 मई 2027, रविवार को आयोजित होगी। इस बार परीक्षा कराने की जिम्मेदारी IIT दिल्ली को सौंपी गई है। परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) के रूप में दो शिफ्ट में होगी।
JEE Advanced 2027 का पेपर दो पालियों में आयोजित किया जाएगा।
- पेपर 1: सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक।
- पेपर 2: दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक।
मेरिट लिस्ट में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को दोनों पेपर में शामिल होना अनिवार्य होगा।
JEE Main में प्रदर्शन के आधार पर टॉप 2.5 लाख सफल उम्मीदवारों को JEE Advanced के लिए पात्र माना जाएगा। जारी जानकारी के अनुसार, 2026 या 2027 में 12वीं की परीक्षा पास करने वाले छात्र आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा, जिन उम्मीदवारों का 12वीं बोर्ड का रिजल्ट 12 जून 2025 के बाद जारी हुआ था, उन्हें भी परीक्षा में शामिल होने की पात्रता दी गई है।
JEE Advanced 2027 के लिए उम्मीदवारों का जन्म 1 अक्टूबर 2002 या उसके बाद होना चाहिए। SC, ST और दिव्यांग श्रेणी के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी। उम्मीदवार लगातार दो साल में अधिकतम दो बार JEE Advanced दे सकेंगे। यानी 12वीं पास करने वाले साल और उसके अगले साल परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा।
पिछले साल JoSAA काउंसलिंग के दौरान IIT सीट आवंटित होने के बावजूद ऑनलाइन रिपोर्ट नहीं करने वाले और चौथे राउंड तक सीट वापस लेने वाले छात्र भी इस साल परीक्षा दे सकेंगे। हालांकि, जिन उम्मीदवारों ने IIT में दाखिला ले लिया है, वे JEE Advanced 2027 के लिए पात्र नहीं होंगे।
उम्मीदवारों को परीक्षा के दौरान स्क्रीन पर बेसिक नॉन-साइंटिफिक कैलकुलेटर की सुविधा मिलेगी। इसमें 10 से 12 अंकों तक का डिस्प्ले होगा। परीक्षा से जुड़ी सभी आधिकारिक सूचनाएं वेबसाइट jeeadv.ac.in पर जारी की जाएंगी। उम्मीदवारों को नियमित रूप से वेबसाइट चेक करने की सलाह दी गई है।
JEE Advanced राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा है। इसके जरिए देश के भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (IIT) में इंजीनियरिंग, साइंस और आर्किटेक्चर से जुड़े अंडरग्रेजुएट कोर्स में दाखिला मिलता है। यह परीक्षा JEE Main के बाद आयोजित की जाती है।
हर बड़ी ख़बर, ब्रेकिंग न्यूज़ और लेटेस्ट अपडेट्स सीधे अपने फेसबुक फीड पर पाएं।
Follow Page