राजस्थान के झुंझुनूं जिले में सोमवार को सड़क निर्माण के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। उदयपुरवाटी के छापोली गांव में हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग झुलस गए।
Rajasthan News: राजस्थान के झुंझुनूं जिले में सोमवार को सड़क निर्माण के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। उदयपुरवाटी के छापोली गांव में हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग झुलस गए। हादसा सुबह करीब 10 बजे छापोली-कदंब कुंड मार्ग पर हुआ। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने मुआवजे और मृतकों के परिजनों को नौकरी देने की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया।
उदयपुरवाटी थाना प्रभारी रामपाल के मुताबिक, सड़क निर्माण में इस्तेमाल होने वाली रोड़ी-बजरी मिक्सर मशीन का हाइड्रोलिक जैक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। इससे मशीन में करंट फैल गया और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। घायल मजदूर गिदाराम सैनी के मुताबिक, वे मशीन को धक्का देकर दूसरी जगह ले जा रहे थे। इसी दौरान मशीन बिजली के तार से टच हो गई। हादसे के वक्त मौके पर करीब 12 से 13 लोग मौजूद थे।
हादसे में जान गंवाने वालों में हालेड़ा मंडावरा निवासी हरिराम गुर्जर (30), मंगलचंद गुर्जर (22), कालूराम गुर्जर (29) और पवन गुर्जर (23) शामिल हैं। ये चारों एक ही परिवार के बताए गए हैं। इसके अलावा छापोली निवासी विष्णु सैनी (38), सुरेंद्र उर्फ सुरेश सैनी (30), मुकेश सैनी (27) और फतेहचंद सैनी (32) की भी मौत हुई है। हादसे में पांच लोग झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए उदयपुरवाटी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि 11 केवी की बिजली लाइन पहले सड़क से दूर थी, लेकिन कुछ दिन पहले इसे बदलकर रास्ते के ऊपर से गुजारा गया था। तार नीचे होने के कारण हादसा हुआ। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि बिजली बंद कराने के लिए फोन किया गया था, लेकिन ग्रिड सब स्टेशन पर कर्मचारी मौजूद नहीं था। वहीं, उनका कहना है कि गांव में जनसहयोग से करीब तीन-चार महीने से सड़क निर्माण का काम चल रहा था। बीच-बीच में काम रुकता रहा और सोमवार को इसे दोबारा शुरू किया गया था।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने घटनास्थल पर धरना शुरू कर दिया। उन्होंने मृतकों के परिजनों को मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की। स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिस के साथ आरएसी के जवान भी तैनात किए गए। मौके पर झुंझुनूं कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग, एसपी कावेंद्र सिंह सागर, विधायक भगवानाराम सैनी और अन्य जनप्रतिनिधि पहुंचे। यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से बातचीत की।
मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने बताया कि मृतकों के आश्रितों को अलग-अलग सरकारी योजनाओं के तहत 15-15 लाख रुपये की सहायता देने और प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी देने पर सहमति बनी है। विकास अधिकारी और तहसीलदार को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए गए हैं। मंत्री ने बताया कि सड़क वन विभाग की जमीन पर बनाई जा रही थी और इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत रास्ते के डायवर्जन का प्रस्ताव नहीं भेजा गया था। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। आश्वासन मिलने के बाद शाम करीब 5 बजे ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया और परिजन शव लेने के लिए तैयार हो गए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया और मृतकों के परिजनों के लिए 2-2 लाख रुपये की सहायता की घोषणा की। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हादसे पर सवाल उठाते हुए कहा कि इन मौतों की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने भी पीड़ित परिवारों को अधिक आर्थिक सहायता और नौकरी देने की मांग की। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच जारी है। इस घटना ने सड़क निर्माण के दौरान बिजली लाइनों की सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मुंह में बनने वाली लार सिर्फ भोजन चबाने और निगलने में मदद नहीं करती, बल्कि दांतों को सड़ने से बचाने, स्वाद महसूस करने और मुंह को संक्रमण से सुरक्षित रखने में भी अहम भूमिका निभाती है।
दीपावली से पहले खरीदारी और नए काम की शुरुआत के लिए रविवार, 1 नवंबर को रवि पुष्य नक्षत्र का संयोग बन रहा है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, जब रविवार के दिन पुष्य नक्षत्र पड़ता है, तो उसे रवि पुष्य नक्षत्र कहा जाता है।
सोशल मीडिया पर इन दिनों वृंदावन के 19 वर्षीय युवा कथावाचक श्री स्वामी शाश्वताचार्य जी महाराज चर्चा में हैं। इंटरनेट पर उन्हें ‘Gen Z बाबा’ कहा जा रहा है।
हर बड़ी ख़बर, ब्रेकिंग न्यूज़ और लेटेस्ट अपडेट्स सीधे अपने फेसबुक फीड पर पाएं।
Follow Page