उज्जैन में 17 से 19 सितंबर तक युवा धर्म संसद का आयोजन होगा। गीता भवन में होने वाले कार्यक्रम में 24-25 राज्यों से करीब 1700 युवा शामिल होंगे।

Yuva Dharma Sansad: उज्जैन एक बार फिर देशभर से आने वाले युवाओं के बड़े आयोजन का केंद्र बनने जा रहा है। शहर में 17 से 19 सितंबर तक ‘युवा धर्म संसद’ का आयोजन किया जाएगा। देवास रोड स्थित गीता भवन में होने वाले इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में करीब 24 से 25 राज्यों से युवा शामिल होंगे।
आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम के लिए करीब 1700 छात्र-छात्राओं का रजिस्ट्रेशन हुआ है। इनके अलावा करीब 300 शिक्षक, शोधकर्ता और धर्माचार्य भी अलग-अलग सत्रों में हिस्सा लेंगे। 18 सितंबर को कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में RSS प्रमुख डॉ. मोहन भागवत शामिल होंगे।
कार्यक्रम को लेकर गीता भवन परिसर में तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे युवा कलाकार ‘भारत-भाव’ थीम पर पेंटिंग तैयार करते नजर आए।
इन पेंटिंग्स को आयोजन के दौरान प्रदर्शनी में लगाया जाएगा। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर पुस्तक मेले का भी आयोजन होगा। आयोजकों के अनुसार, मेले में देश के करीब 50 प्रमुख प्रकाशन समूह शामिल होंगे।
सेवाज्ञ संस्थानम् के सह मीडिया प्रमुख बादल सिंह के मुताबिक, इस बार युवा धर्म संसद के लिए करीब 1700 प्रतिभागियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें देश के 24 से 25 राज्यों के युवा शामिल हैं।
रजिस्ट्रेशन जुलाई में शुरू किए गए थे और 31 अगस्त को बंद कर दिए गए। आयोजकों का कहना है कि रजिस्ट्रेशन बंद होने के बाद भी लगातार युवाओं के फोन आ रहे हैं, लेकिन आयोजन स्थल की क्षमता को देखते हुए अब अतिरिक्त प्रतिभागियों को शामिल करना संभव नहीं है।
तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में केवल धार्मिक विषय ही नहीं, बल्कि युवाओं से जुड़े कई समकालीन मुद्दों पर भी चर्चा होगी। कार्यक्रम के अलग-अलग सत्रों में धर्म, शिक्षा, संस्कृति, आस्था, कृषि और तकनीक जैसे विषयों को शामिल किया गया है। आयोजकों का कहना है कि इसका उद्देश्य युवाओं को संवाद और विचार-विमर्श के लिए एक मंच उपलब्ध कराना है।
आयोजन समिति ने तीन दिवसीय कार्यक्रम के लिए करीब 1.53 करोड़ रुपए का अनुमानित बजट बताया है। इसमें आयोजन स्थल पर 27 लाख रुपए, यात्रा एवं आवास पर 24 लाख, भोजन एवं जलपान पर 18 लाख और प्रतिभागी किट पर 20.20 लाख रुपए प्रस्तावित हैं। इसके अलावा अतिथियों के यात्रा व्यय पर 12 लाख, प्रदर्शनी एवं पुस्तक स्टॉल पर 9.80 लाख, जनसंपर्क एवं विज्ञापन पर 8 लाख, सेवाज्ञ संस्थानम् की पुस्तक पर 8 लाख, साज-सज्जा एवं मंच पर 5.75 लाख और वीडियो-फोटोग्राफी पर 5 लाख रुपए खर्च का अनुमान बताया गया है।
आयोजकों के अनुसार, युवा धर्म संसद की मूल अवधारणा स्वामी विवेकानंद के शिकागो उद्बोधन की स्मृति से जुड़ी है। इसका उद्देश्य युवाओं के बीच धर्म की अवधारणा, भारतीय संस्कार और सनातन संस्कृति से जुड़े विषयों पर संवाद को बढ़ावा देना है।
इस बार आयोजन सिद्धपीठ हनुमत निवास, अयोध्या के पीठाधीश्वर एवं संरक्षक आचार्य मिथिलेशनन्दिनीशरणजी महाराज के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्घाटन सत्र 18 सितंबर को होगा, जिसमें RSS प्रमुख डॉ. मोहन भागवत शामिल होंगे। वहीं 19 सितंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समापन समारोह में पहुंचेंगे।
आयोजकों के मुताबिक, युवा धर्म संसद का अगला संस्करण द्वारका में आयोजित किया जाएगा। इसके लिए रजिस्ट्रेशन जुलाई 2027 से शुरू किए जाने की योजना है।
इस बार उज्जैन में होने वाले आयोजन में युवाओं की भागीदारी के साथ धर्म और समकालीन विषयों पर संवाद को केंद्र में रखा गया है। अब 17 सितंबर से शुरू होने वाले कार्यक्रम में यह देखना अहम होगा कि तीन दिनों के सत्रों में युवाओं की भागीदारी और संवाद किस रूप में सामने आता है।
-1.jpg&w=3840&q=75)
मध्य प्रदेश के जल निगम का नाम अब बदल दिया गया है। भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में जल निगम का नाम 'म.प्र. जल एवं स्वच्छता निगम' करने पर मुहर लग गई है।
शहडोल जिले के खेल प्रेमियों के लिए आज बहुत ही बड़ा और खुशी का दिन है। 16 सितंबर को अपने शहर में 70वीं शालेय राज्यस्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का शानदार आगाज हो गया है।

भोपाल शहर में काजी कैंप पर मिसाइल गिराने वाले बयान को लेकर भारी बवाल मच गया है। एआईएमआईएम प्रमुख ओवैसी और अपने विधायक रामेश्वर शर्मा एक-दूसरे पर जमकर बरस रहे हैं।
हर बड़ी ख़बर, ब्रेकिंग न्यूज़ और लेटेस्ट अपडेट्स सीधे अपने फेसबुक फीड पर पाएं।
Follow Page