भोपाल के दशहरा मैदान में 34वां उत्सव मेला शुरू हुआ। 45 दिन के आयोजन में झूले, नियाग्रा थीम, पारंपरिक व्यंजन और खरीदारी के स्टॉल आकर्षण होंगे।

भोपाल के टीटी नगर स्थित दशहरा मैदान में रविवार को 34वें भोपाल उत्सव मेले का उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। करीब 45 दिनों तक चलने वाले इस मेले में मनोरंजन, खानपान और खरीदारी के कई विकल्प उपलब्ध होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन शहर की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है और लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने का काम करता है।
शुभारंभ समारोह से पहले मुख्यमंत्री मेले परिसर में बने भगवान श्रीगणेश के मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद रंग-बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़कर मेले का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने आयोजन समिति और शहरवासियों को बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल उत्सव मेले की शुरुआत रमेश अग्रवाल, मनमोहन अग्रवाल और सुधीर अग्रवाल ने की थी। वर्षों से जारी यह आयोजन अब शहर की पहचान बन चुका है। उन्होंने कहा कि मेले में अलग-अलग वर्गों के लोग एक साथ आते हैं, जिससे सामाजिक प्रेम और सद्भाव बढ़ता है। ऐसे आयोजन मनोरंजन और खरीदारी के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी आगे बढ़ाते हैं।
मेला समिति के महामंत्री सुनील जैनाविन ने बताया कि इस बार नियाग्रा वॉटरफॉल थीम पर खास सजावट की गई है। युवाओं के लिए रोमांचक झूले और बच्चों के लिए अलग-अलग राइड्स लगाई गई हैं। मेले में देश के विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल होंगे। हस्तशिल्प, परिधान, घरेलू उपयोग की वस्तुओं और अन्य उत्पादों की दुकानें भी सजाई गई हैं।
समारोह में विधायक भगवानदास सबनानी ने पांच लोगों को सम्मानित किया। इनमें सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय बैरागढ़ के अध्यक्ष हीरो ज्ञानचंदानी, श्री दिगंबर जैन पंचायत कमेटी ट्रस्ट भोपाल के अध्यक्ष पंकज जैन सुपारी, बैरागढ़ व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष कन्हैयालाल इसरानी, समग्र अग्रवाल समाज के अध्यक्ष सुनील गर्ग और रोटरी क्लब भोपाल हिल्स के अध्यक्ष रोटेरियन अनिल कुमार गुप्ता शामिल रहे।
कार्यक्रम में विधायक भगवानदास सबनानी, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, पार्षद आरती अनेजा और ऊषा खरे सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। मेला समिति के अध्यक्ष मनमोहन अग्रवाल, अशोक गुप्ता, सुनील जैनाविन, अजय सोगानी और अनुपम अग्रवाल समेत अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। शहर के सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी समारोह में हिस्सा लिया।

MP सरकार दिसंबर में दो चिंतन शिविरों के जरिए 2047 तक विकसित मध्य प्रदेश की रणनीति पर चर्चा करेगी। कैबिनेट ने कई विकास योजनाओं को मंजूरी दी।
मंदसौर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात महिला की मौत हो गई। चार से पांच घंटे तक एंबुलेंस नहीं मिली तो स्थानीय व्यक्ति ठेले पर शव लेकर पीएम रूम पहुंचा।

छतरपुर में 75 जोड़ों के सामूहिक विवाह में CM मोहन यादव शामिल हुए। उन्होंने विदेश दौरा रद्द करने, गौसेवा और भारतीय परंपराओं को बढ़ावा देने की बात कही।
हर बड़ी ख़बर, ब्रेकिंग न्यूज़ और लेटेस्ट अपडेट्स सीधे अपने फेसबुक फीड पर पाएं।
Follow Page